मजबूत पासवर्ड कैसे बनाएं: एक क्लिक में सुरक्षित पासवर्ड जनरेट करें
लंबाई चुनें, बड़े-छोटे अक्षर, नंबर और सिंबल चालू रखें — रैंडम पासवर्ड तुरंत तैयार। ईमेल, Instagram या नेट बैंकिंग, हर अकाउंट के लिए अलग पासवर्ड बनाएं।
यह मीटर लंबाई और कैरेक्टर के टाइप देखकर अंदाज़ा देता है। पुराने पासवर्ड की जाँच के लिए पासवर्ड स्ट्रेंथ चेकर इस्तेमाल करें।
जो टाइप आपने चालू रखे हैं, हर एक का कम से कम एक कैरेक्टर पासवर्ड में ज़रूर होगा।
मजबूत पासवर्ड बनाने के 3 नियम
मजबूत पासवर्ड वह है जिसका कोई अंदाज़ा न लगा सके और जिसे कंप्यूटर भी जल्दी न तोड़ पाए। इसके लिए तीन बातें काफ़ी हैं:
- लंबा रखें। कम से कम 12 कैरेक्टर, और Gmail या नेट बैंकिंग जैसे ज़रूरी अकाउंट के लिए 16। लंबाई बढ़ाना पासवर्ड को मजबूत करने का सबसे आसान तरीका है।
- रैंडम रखें। अपना नाम, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि या "Rahul@123" जैसे पैटर्न सबसे पहले आज़माए जाते हैं। जो पासवर्ड आपको "याद रखने में आसान" लगे, वह अक्सर दूसरों के लिए भी अंदाज़ा लगाने में आसान होता है।
- हर अकाउंट का अलग रखें। अगर Gmail, Instagram और शॉपिंग साइट पर एक ही पासवर्ड है, तो एक जगह लीक होते ही बाकी अकाउंट भी ख़तरे में आ जाते हैं।
ऊपर का जनरेटर पहले दो काम अपने आप करता है: लंबाई चुनें, टाइप चालू रखें और "पासवर्ड बनाएं" दबाएं। तीसरा काम आपका है — हर अकाउंट के लिए नया पासवर्ड बनाएं और उसे किसी भरोसेमंद पासवर्ड मैनेजर में सेव करें, नोट्स या स्क्रीनशॉट में नहीं।
किसी पुराने पासवर्ड को बदलने से पहले जानना है कि वह कितना कमज़ोर है? उसके लिए अलग टूल है: पासवर्ड कितना मजबूत है, यहाँ जांचें।
8 कैरेक्टर, बड़ा-छोटा अक्षर, नंबर और सिंबल: वेबसाइट की शर्त कैसे पूरी करें
कई वेबसाइट पासवर्ड बनाते समय शर्त रखती हैं: कम से कम 8 कैरेक्टर, जिनमें एक बड़ा अक्षर (A-Z), एक छोटा अक्षर (a-z), एक नंबर (0-9) और एक स्पेशल कैरेक्टर (जैसे @, #, $) हो। ऐसी साइट के लिए चारों विकल्प चालू रखें और लंबाई 8 या उससे ज़्यादा रखें — 12 हो तो और अच्छा।
जो-जो टाइप आपने चालू रखे हैं, उनमें से हर एक का कम से कम एक कैरेक्टर पासवर्ड में ज़रूर आता है। इसलिए 8 कैरेक्टर का पासवर्ड भी ऐसी शर्तें पहली बार में पास कर लेता है।
अगर कोई साइट कुछ सिंबल स्वीकार नहीं करती, तो "स्पेशल कैरेक्टर" बंद करके लंबाई 2–4 कैरेक्टर बढ़ा दें। पासवर्ड को फ़ोन या टीवी पर हाथ से टाइप करना हो, तो "मिलते-जुलते कैरेक्टर हटाएं" चालू करें — फिर 0 और O या 1 और l में उलझन नहीं होगी।
घर या दुकान के WiFi के लिए लंबा पासवर्ड बनाया है? Wi-Fi पासवर्ड को QR कोड में बदलें, ताकि मेहमानों को पासवर्ड बोलना न पड़े।
मजबूत पासवर्ड के उदाहरण (इन्हें कॉपी न करें)
कमज़ोर पासवर्ड वे हैं जिनमें कोई पैटर्न हो: 123456, password, Rahul@123, 9876543210, 01011995। इनमें स्पेशल कैरेक्टर हो तो भी पैटर्न की वजह से ये जल्दी टूट जाते हैं।
मजबूत पासवर्ड बिना किसी मतलब के दिखते हैं, जैसे इस टूल से बने ये पासवर्ड:
- 12 कैरेक्टर, चारों टाइप:
`R!zvb:!0|Ay - 16 कैरेक्टर, चारों टाइप:
,@M9|JE7=<,gfYc4 - 12 कैरेक्टर, बिना सिंबल और बिना मिलते-जुलते कैरेक्टर:
aV2zvKA2aFmz
ये उदाहरण अब इस पेज पर सबके सामने हैं, इसलिए इन्हें कभी इस्तेमाल न करें। अपने लिए ऊपर के बटन से नया पासवर्ड बनाएं — हर बार बिल्कुल अलग बनेगा।